09/04/2026
बांसी ब्लॉक प्रेस विज्ञप्ति
भारतीय किसान यूनियन ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर ADO RD को सौंपा 6 सूत्रीय मांग पत्र
बांसी, सिद्धार्थनगर।
आज दिनांक 09 अप्रैल 2026 को भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक मुख्यालय बांसी में क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। संगठन के जिला उपाध्यक्ष डॉ. रहमत अली एवं बांसी ब्लॉक अध्यक्ष सम्पूरन जी की अध्यक्षता में सहायक विकास अधिकारी (ADO RD) किरण सरोज जी को 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से यूनियन ने प्रशासन का ध्यान निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं की ओर आकृष्ट कराया:
अधूरा मार्ग निर्माण: ग्राम पंचायत गोनहाडीह में मिनी सचिवालय को जाने वाली सीसी रोड को आधा अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे वहां गड्ढे हो गए हैं। आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के दृष्टिगत इस रास्ते को तत्काल ठीक कराने की मांग की गई है ताकि श्रद्धालुओं व किसानों को असुविधा न हो।
जल निकासी व सफाई: गोनहाडीह में मंदिर के सामने स्थित सार्वजनिक नाली पूरी तरह चोक है, जिससे गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इसे तत्काल साफ कराने की मांग की गई है।
जन कल्याणकारी बैठकें: ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों में खुली बैठकें आयोजित कर शासन की योजनाओं से आम जनता को अवगत कराने की अपील की गई।
मच्छर जनित रोगों से बचाव: बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सभी ग्राम पंचायतों में तत्काल मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने की मांग की गई।
शौचालय मरम्मत: बांसी ब्लॉक के 'पिंक शौचालय' की बदहाली और ग्राम पंचायत मझवन खुर्द में सार्वजनिक शौचालय न होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया।
चेतावनी: यूनियन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि इन जनहित की मांगों को समय रहते पूरा नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से ईश्वरी चंद, ब्लॉक उपाध्यक्ष राम अचल प्रजापति, अवधराज, जगनरायन, टीजू, रामायन, सीता, बुद्धराम, सुनील और देवीदीन सहित दर्जनों किसान व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।