13/11/2025
*सम्पूर्ण क्रान्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रह्मदेव पटेल का निधन*
सम्पूर्ण क्रान्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रह्मदेव पटेल का आज पटना में निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार आज पटना के महेन्द्रू घाट पर किया जायेगा। मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता डॉ बुद्धसेन ने बताया कि ब्रह्मदेव पटेल पिछले लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें हार्ट प्रोब्लम थी। पिछले महीने उनकी तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगभग एक सप्ताह बाद वह स्वस्थ होकर घर लौटे थे। लेकिन छठ पूजा के बाद एक बार फिर उनकी तबीयत बिगड़ी और पटना के नोबेल हॉस्पिटल में उन्हें भर्ती कराया गया। एक बार फिर उनका डायलिसिस किया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। ब्रह्मदेव पटेल मूल रूप से नालंदा जिला के हिलसा के रहनेवाले थे लेकिन छात्र जीवन से ही वह पटना के मुसल्लहपुरहाट स्थित बिहार निवास में रह रहे थे।
डॉ बुद्धसेन के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती होने से कुछ ही दिन पूर्व उनकी देख-रेख में मोर्चा की नयी कमिटी का पुनर्गठन किया गया था जिसमें वह मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गये थे। बिहार प्रदेश कमिटी का भी गठन किया गया था जिसके अध्यक्ष परमेश्वर प्रसाद बनाये गये थे।
ब्रह्मदेव पटेल ने 1974 के छात्र आन्दोलन में अग्रणी भूमिका निभायी थी। उस क्रम में उन्होंने मीसा कानून के तहत कारावास की सजा भी काटी थी। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के सपनों का भारत बनाने के लिए उनके नेतृत्व में लगातार आन्दोलन चल रहा था। इस लड़ाई में वह अपने मित्रों लालू प्रसाद और नीतीश कु मार की आलोचना करने से भी नहीं चूकते थे। भूमिगत जेपी सेनानियों को सम्मान देने के लिए वह लगातार केन्द्र और बिहार सरकार पर दबाव बना रहे थे। उनके निधन से जेपी सेनानियों में गहरा शोक है।