19/08/2023
बेहद महत्वपूर्ण व्यक्ति ( VERY IMPORTANT PERSON VIP )
एक वृद्ध पिता अपने युवा पुत्र के साथ ट्रेन में चढ़े। जैसे ही ट्रेन चली बेटा खुशी और उत्साह से झूम उठा। वह खिड़की के पास बैठा हुआ था। हाथ खिड़की से थोड़ा बाहर लाकर वह हवा को महसूस करने लगा और अचानक चिल्ला उठा, "देखो पापा, सभी पेड पीछे की ओर जा रहे हैं।" पापा मुस्कुराते हुये बेटे की बात सुन रहे थे
बेटे ने फिर कहा- पापा, बंदर कैसे उछलकूद कर रहा है और पेड़ों पर कितने सारे आम लटके हुये हैं। लटके हुए आम कितने सुंदर दिखते है। पिता ने सहमति में सर हिलाया।
उस नौजवान के पास अन्य यात्रियों को यह बच्चों जैसा व्यवहार अजीब लग रहा था।
तभी बारिश होने लगी, और कुछ बूँदें लड़के की बाँह पर आ टपकी। लड़के ने प्रसन्नता से आँखें बंद कर ली। उसके मुँह से फिर निकल पड़ा पापा, बारिश की बूँदें कितनी सुंदर होती है ना।
अब अन्य यात्री पूरी तरह असहज हो चुके थे। एक दंपति ने उसके पिता से पूछ ही लिया कि आप अपने बेटे को किसी अच्छे अस्पताल में ले जाकर इलाज क्यों नहीं कराते ।
पिता ने शांत भाव से जवाब दिया- हम अस्पताल से ही आ रहे हैं। मेरे बेटे ने आज पहली बार दुनिया देखी है, बचपन से इसकी आँखों में रोशनी नहीं थी। यह सुनते ही यात्री स्तब्ध रह गये।
साथियों, छोटी-छोटी खुशियों का मोल वही जानता है जिसके जीवन में वह खुशियाँ उपलब्ध नहीं हैं। आँखों का मोल उस युवा से ज्यादा कौन जानता होगा। हाथ-पैरों का मोल उनसे पूछिये जिनके हाथ-पैर नहीं हैं, सोचने की शक्ति का मोल उनसे पूछिये जो विकसित नहीं हैं। जिस दिन आप इस सत्य को मन में बसा लेंगे कि ईश्वर ने मुझे वीआईपी बनाकर पैदा किया है, उस दिन से आप कमियों की बातें करना छोड़ देंगे।
मैं ऐसे लोगों को भी जानता हूँ जिनके शरीर में कमी है, लेकिन उन्होंने अपनी आत्मशक्ति के दम पर उस कमी को बौना बना दिया है। वो आज किसी पर निर्भर नही हैं। इसके विपरीत अनेक व्यक्ति सब कुछ होते हुये भी, हर क्षण किसी ना किसी कमी का रोना रोते हैं। इसलिये इस अहसास को शक्तिशाली बनाइये कि आप वी.आई.पी. हैं
जब आप इस शक्तिशाली एहसास के साथ जियेंगे तो परिस्थितियाँ भी आपके हौसलों को डिगा नहीं पाएँगी। आप अपने दम पर स्वाभिमान के साथ, सर उठाकर, इस दुनिया में जी पाएँगे। जिंदगी की कमान अपने हाथ में लीजिए और संघर्ष करने निकल पड़िए। ये सोचिए कि आप घर पर बैठे रहेंगे और लोग आपका स्वागत करने के लिए पलकें बिछा देंगे। आपको लड़ना होगा, अपनी जगह खुद बनाना होगा। यह तभी संभव होगा, जब आप अपने बारे में ऊँचा सोचें